वाराणसी – उम्मीद की जगी किरण, MLA व जिलाध्यक्ष मिलें प्रबंधक से…….फिर से शुरू कराने का किया पहल, बंद है महीनों से
चकिया–वाराणसी रूट पर रोडवेज बस सेवा बहाली की कोशिश तेज
विधायक ने परिवहन विभाग से की मुलाकात”
चकिया, चंदौली । महीनों से ठप पड़ी रोडवेज बस सेवा को बहाल कराने के प्रयास एक बार फिर तेज हो गए हैं। शुक्रवार को चकिया विधायक कैलाश आचार्य ने वाराणसी में परिवहन निगम के क्षेत्र प्रबंधक परशुराम पांडेय से मुलाकात कर चकिया–वाराणसी और चकिया–पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर रूट पर बस सेवा जल्द शुरू करने की मांग रखी।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र की बड़ी आबादी बीएचयू, मुगलसराय और वाराणसी रोजाना आवाजाही करती है, लेकिन रोडवेज सेवा बंद होने से मरीजों, व्यापारियों और आम यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल लोग मजबूरी में प्राइवेट टैम्पो, जीप व मैजिक का सहारा ले रहे हैं।
उन्होंने क्षेत्र प्रबंधक को याद दिलाया कि रक्षाबंधन पर मुख्यमंत्री द्वारा बहनों के लिए घोषित फ्री बस सेवा चकिया–नौगढ़ मार्ग पर चालू नहीं हो सकी, जिस पर मीडिया ने सवाल उठाए थे। दबाव के बाद एक बस चलाई गई, लेकिन कुछ दिनों में वह भी बंद कर दी गई।
विधायक कैलाश आचार्य ने बताया कि वह पिछले कई महीनों से इस मुद्दे पर लगातार प्रयासरत हैं। दो बार लखनऊ जाकर परिवहन मंत्री से भी मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा स्पष्ट है—“ग्रामीण क्षेत्रों तक सुगम परिवहन पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।”
क्षेत्र प्रबंधक परशुराम पांडेय ने आश्वासन दिया कि रूट का पुनः सर्वे कराया जा रहा है और मांग व यात्रियों की संख्या को देखते हुए बस सेवा जल्द बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मुलाकात के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह भी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि विधायक के लगातार प्रयासों के बाद क्षेत्र में जल्द ही रोडवेज की आवाजाही फिर से शुरू हो सकेगी।




