खूनी संघर्ष: पीटकर दो सगे भाइयों की हत्या, 11 लोगों के खिलाफ FIR; एक गिरफ्तार, SP ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी
जौनपुर, , लखनऊ पूर्वांचल पोस्ट न्यूज नेटवर्क
जिले के बरसठी थाना क्षेत्र के पल्टूपुर गांव में गुरुवार को पट्टे की जमीन के विवाद में लाठी-डंडे से पीटकर दो सगे भाइयों की हत्या कर दी गई। जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना मिलते ही एसपी डॉ. अजयपाल शर्मा ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। मामले में 11 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

यह है पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक दशरथ यादव उर्फ मुन्ना व केशनाथ, दीनानाथ यादव के बीच पट्टे की जमीन को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। दशरथ यादव के नाम से गांव के बाहर वर्ष 2012 में जमीन का पट्टा हुआ था। आरोप है कि उस पर केशनाथ, दीनानाथ आदि कब्जा नहीं लेने दे रहे थे।
दशरथ यादव पट्टे की जमीन पर कब्जा पाने के लिए हाईकोर्ट चले गए, जहां से तहसील प्रशासन को जमीन कब्जा दिलाने का आदेश दिया गया। एक सप्ताह पूर्व तहसील प्रशासन के अधिकारियों ने पहुंचकर दशरथ को पट्टे की जमीन पर कब्जा करा दिया था, दशरथ उस जमीन पर मड़हा आदि रख लिया और उसे बनाने के लिए ईंट आदि गिराया।





