Monday, September 28, 2026
मध्य-प्रदेश

होटल में पत्नी को दूसरे पुरुष के साथ देख भड़का पति, जमकर हंगामा; मारपीट में कपड़े फटे

जबलपुर। जबलपुर के राइट टाउन स्थित होटल टिमटिम में रविवार दोपहर महिला के अपने परिचित पुरुष के साथ पहुंचने के बाद उसका पति भी वहां पहुंच गया। दोनों को होटल में साथ देखकर पति ने विरोध किया, जिसके बाद कहासुनी शुरू हो गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। विवाद बढ़ने पर होटल के बाहर सड़क तक हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर मदनमहल पुलिस मौके पर पहुंची और महिला, उसके पति तथा उसके साथ आए पुरुष को थाने ले गई।

चार साल से पति-पत्नी के बीच विवाद

जानकारी के मुताबिक, रईस अहमद और उसकी पत्नी के बीच करीब चार साल से विवाद चल रहा है। रविवार दोपहर करीब एक बजे महिला दद्दा परिसर-टेलीग्राफ गेट नंबर चार रोड की अंदरूनी गली में स्थित होटल पहुंची थी। कुछ देर बाद उसका पति भी वहां पहुंच गया।

पति को पहले से संदेह था कि पत्नी किसी पुरुष से चोरी-छिपे फोन पर बातचीत करती है। होटल में उसे एक पुरुष के साथ देखने के बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप-प्रत्यारोप के बीच हाथापाई भी हुई। पति ने पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए सार्वजनिक रूप से तलाक देने की बात कही।

होटल के अंदर मारपीट, फटे कपड़े

विवाद होटल की पहली मंजिल तक पहुंच गया। यहां पति और महिला के साथ आए पुरुष के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट हुई। इस दौरान दोनों पक्षों के कपड़े फटने की बात भी सामने आई है। महिला के साथ कुछ महिलाओं की सड़क पर भी झूमाझटकी हुई।

महिला के साथ आया पुरुष खुद को अधिवक्ता बताते हुए उसे अपनी क्लाइंट बता रहा था। उसका कहना था कि वह महिला से कानूनी चर्चा के लिए होटल में मिला था। वहीं, पति ने उस पर पत्नी को बहकाने का आरोप लगाया।

स्थानीय लोगों ने भी जताया विरोध

हंगामे की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने होटल में संदिग्ध गतिविधियों का आरोप लगाते हुए विरोध जताया और रहवासी क्षेत्र में ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की।

होटल भवन के मालिक अमरेश पांडे को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई। पांडे ने भवन होटल के लिए किराए पर दिए जाने की बात कही। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति शांत हुई और तीनों पक्षों को थाने ले जाया गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *